कानपुर देहात। अकबरपुर-माती मार्ग पर सोमवार दोपहर एक बजे के करीब गणेश विसर्जन शोभायात्रा और सड़क किनारे अतिक्रमण के चलते जाम लग गया। मेडिकल कॉलेज से आने वाली एंबुलेंस जाम में फंस गई। वहीं कई स्कूलों के वाहन भी जाम में फंसे रहे। करीब डेढ़ घंटे राहगीरों को परेशान होना पड़ा। यातायात पुलिस कर्मियों ने बारी-बारी से वाहनों को निकलवा कर यातायात सामान्य कराया।
माती रोड जिला मुख्यालय और प्रशासनिक कार्यालयों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। जहां सुबह से शाम तक वाहनों की अधिक आवाजाही बनी रहती है। अकबरपुर से मेडिकल कॉलेज के बीच मार्ग के दोनों तरफ फल और सब्जियों के ठेले लगे रहते हैं और कई स्थानों पर अवैध पार्किंग भी है। जिससे सड़क काफी संकरी हो जाती है। इसके अलावा, मेडिकल कॉलेज के पास संचालित निजी अस्पतालों में अधिकृत पार्किंग स्थल न होने के कारण इलाज कराने आने वाले मरीज और उनके तीमारदार अपने वाहनों को मुख्य मार्ग पर ही खड़ा कर देते हैं। सड़क किनारे खड़े यही वाहन और दुकानें आए दिन लगने वाले जाम का प्रमुख कारण बन रहे हैं।
सोमवार को जब क्षेत्र से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकली, तो सीमित जगह होने के कारण वाहनों की कतार लग गईं। देखते ही देखते दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान जाम में एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। एंबुलेंस के सायरन गूंजते रहे, लेकिन जगह न होने से चालक वाहन आगे नहीं बढ़ा सके।
बाद में सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत कर यातायात सुचारू कराया। यातायात प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि गणेश विसर्जन की शोभायात्रा निकलने के कारण मार्ग पर दबाव बढ़ा था। सूचना मिलते ही तत्काल टीएसआई सिराज्जुदीन और सिपाही राम प्रताप को मौके पर भेजकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
......................
बयान-
माती रोड पर प्रशासनिक दफ्तरों के कारण यातायात का दबाव हमेशा अधिक रहता है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया जाता है। सड़क पर बेतरतीब अतिक्रमण ही जाम की असली वजह है। यदि नगर पंचायत अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाती है, तो यातायात पुलिस की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। - विनय कुमार सिंह, सीओ, यातायात