नगर पालिका हमीरपुर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशी स्वच्छ व साफ छवि के हैं। किसी भी प्रत्याशी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है। सपा व एक निर्दलीय प्रत्याशी के पास करीब एक करोड़ की संपत्ति व नगदी है।
सपा से चुनाव लड़ रहे डा. राजकुमार कुशवाहा पेशे से चिकित्सक हैं। इसके पूर्व वह सभासद रहे चुके हैं। अध्यक्ष पद का उनका यह पहला चुनाव है। नामांकन के समय दिए गए शपथ पत्र के अनुसार इन पर कोई आपराधिक वाद नहीं है। शपथ पत्र के मुताबिक पत्नी के नाम पाराओझी में करीब 57 लाख व कानपुर में करीब 42 लाख रुपये कीमत की जमीन है।
प्रत्याशी व उनकी पत्नी के पास 21.73 लाख रुपये हैं। जिसमें गहने, नकदी आदि शामिल हैं। निर्दलीय प्रत्याशी डा.श्रेया के स्वयं के खाते में 50 हजार रुपये जबकि पति राजेश कुमार के खाते में 20 हजार रुपये जमा है। शपथ पत्र में डेढ़ किलो चांदी व 250 ग्राम सोने के जेवरात लिखे हैं। इनके पति के पास एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी है। प्रत्याशी का आगरा में 70 लाख रुपये कीमत का एक भवन है और 24.90 लाख की पॉलिसी भी है।
कांग्रेस प्रत्याशी संजय साहू के खाते में 2.50 लाख व पत्नी के खाते में 15 हजार रुपये हैं। प्रत्याशी के पास 250 ग्राम सोने के जेवरात कीमत करीब 7.50 लाख व चांदी के एक किलो वजन के जेवरात कीमत करीब 50 हजार रुपये है। इनके पास दो ट्रक व एक कार है।
भाजपा प्रत्याशी कुलदीप निषाद निर्वतमान अध्यक्ष बिटोल निषाद के पुत्र है। इन्होंने नामांकन के समय दिए शपथ पत्र में स्वयं के पास 30 हजार नकद व पत्नी के पास 25 हजार नगद की धनराशि बताई है। साथ ही 100 ग्राम सोने के जेवरात के अलावा कुछेछा डांडा व बदनपुर में जमीन है।
बसपा प्रत्याशी रामबाबू के खाते में 2.50 लाख रुपये पत्नी के बैंक खाते में 50 हजार रुपयों की नकदी है। शपथ पत्र के मुताबिक इनके पास 100 ग्राम सोने के जेवरात है। कलौलीतीर गांव में करीब आठ बीघा जमीन भी इनके पास है। फिलहाल किसी भी प्रत्याशी ने आपराधिक मामलों का जिक्र शपथ पत्र में नहीं किया है।