कानपुर। छावनी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कैंट के पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कई मांगें रखी थीं। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है। पूर्व विधायक ने पत्र में श्यामनगर मंडल अंतर्गत कई प्रमुख मार्गों के निर्माण, सौंदर्यीकरण और मरम्मत की मांग रखी थी। इसमें स्वर्ण जयंती बिहार से विभिन्न मोहल्लों, मंदिरों और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों को दुरुस्त करने तथा कुछ नए मार्गों के निर्माण के प्रस्ताव दिए थे। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि प्रस्तावों का अवलोकन कर लिया गया है और सड़कों के मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य लोक निर्माण विभाग से कराने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से सहमति दी गई है। विभाग को नियमों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही करने और संबंधित पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व विधायक ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित कार्य जल्द शुरू होंगे। (संवाद)