कानपुर: शादी से इंकार करने पर लोहारन भट्ठा, काकादेव में शनिवार सुबह एक युवक बीए फाइनल ईयर की वर्षीय 19 छात्रा के घर में घुस गया। युवक ने साड़ी से उसका गला कसा, फिर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे मरणासन्न कर दिया। हैलट में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ऑटो चालक अनिल गौतम ने पुलिस को बताया कि मुहल्ले का अजय कई दिनों से बड़ी बेटी को परेशान कर रहा था। वह उस पर शादी का दबाव बना रहा था। बेटी के शादी से मना करने पर अजय खुन्नस रखने लगा। सुबह बेटी छत पर कपड़े धो रही थी। आरोप है कि अजय घर में घुसा और सीढ़ियों से छत पर पहुंच गया। वहां बेटी के साथ मारपीट कर गला घोटने की कोशिश की। इसके बाद पेट और सीने पर चाकू से चार वार करके भाग गया। बकौल अनिल बेटी को लहूलुहान लेकर वह हैलट इमरजेंसी पहुंचे। डॉक्टर पीड़िता की हालत गंभीर बता रहे हैं।