दिवाली पर महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात से आने वाली नियमित ट्रेनें 20 से 24 अक्तूबर तक फुल हो गई हैं। 22 अक्तूबर को शनिवार है और इस दिन सबसे ज्यादा लोड है। हाल यह है कि इन तारीखों पर ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहे हैं। इनमें ऑनलाइन टिकट कराने पर रेगरेट प्रदर्शित हो रहा है, यानी ट्रेन तो चलेगी लेकिन लंबी वेटिंग की वजह से अब गुंजाइश खत्म हो गई है। वहीं, स्टेशन पर विंडो टिकट कराने वालों को भी मना किया जा रहा है।
इन ट्रेनों में नहीं है वेटिंग
दिल्ली से आने वाली 12394 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, 12818 झारखंड संपर्कक्रांति एक्सप्रेस, 12398 महाबोधि एक्सप्रेस, 12428 आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस, 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 12304 पूर्वा एक्सप्रेस, 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, 12226 कैफियात एक्सप्रेस, 12528 बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12554 वैशाली एक्सप्रेस, 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 12816 नंदनकानन एक्सप्रेस, 12657 ब्रह्मपुत्र मेल, 02564 नई दिल्ली-बरौनी क्लोन एक्सप्रेस। वहीं, मुंबई से आने वाली 15066 पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस, 12107 एलटीटी-सीतापुर एक्सप्रेस, 20103 एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस, 20921 बांद्रा-लखनऊ एक्सप्रेस, 19037 अवध एक्सप्रेस में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहे हैं।
कानपुर से दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें
कानपुर सेंट्रल होकर प्रयागराज से दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाई है। ट्रेन नंबर 04145 प्रयागराज से 26 और 30 अक्तूबर को रात नौ बजे चलेगी। कानपुर सेंट्रल पर रात 11:35 बजे आएगी और पांच मिनट बाद छूटेगी। आनंद विहार सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04146 आनंद विहार से 27 और 31 अक्तूबर को सुबह 8:50 बजे चलेगी। कानपुर सेंट्रल दोपहर 3:30 बजे और प्रयागराज शाम 6:45 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में चार जनरल, 13 स्लीपर, दो एसी सेकेंड और दो एसी फर्स्ट और एसी थर्ड संयुक्त कोच होगा।