कानपुर। अभिजीत सिंह के ऑल राउंड प्रदर्शन से ओलंपिक क्लब ने केडीएमए क्रिकेट लीग जूनियर डिवीजन चैंपियनशिप जीत ली है। गुरुवार को खेले गए फाइनल में ग्रीनपार्क हॉस्टल को 84 रन से पराजित किया। अभिजीत सिंह ने 22 रन बनाए और चार विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब से नवाजा गया है।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए ओलंपिक क्लब ने निर्धारित 40 ओवर में 301 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। वीर प्रताप ने 58, प्रितेश दीक्षित ने 53, सुशंकित ने 40 और अभिजीत सिंह ने 22 रन का योगदान दिया। करन सिंह यादव ने चार विकेट झटके, जबकि मोहम्मद अर्शमान और मयंक पाल ने दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रीनपार्क हॉस्टल की टीम 39.5 ओवर में 217 रन पर सिमट गई।
टीम की ओर से करन सिंह यादव ने 41, विष्णु ने 38 और अतीत यादव ने 30 रन बनाए। अभिजीत सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। प्रितेश दीक्षित ने तीन और अनिकेत ने दो विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन के लिए अभिजीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।