‘यमराज’ बनकर आए सांड़ ने जावित्री की जान ले ली। फर्रुखाबाद के कंपिल में लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली वृद्घा को अन्ना सांड़ ने पटकर मार डाला। जावित्री देवी (75) पत्नी स्व. गंगा सहाय निवासी सूदेमई बीती रात अपने घर के बाहर चबूतरे पर चारपाई पर लेटी थी। उनका बेटा दृगपाल व अन्य परिवारीजन घर के अंदर सो रहे थे।
रात करीब तीन बजे वह लघुशंका के लिए सड़क पर पहुंची तभी अन्ना सांड़ ने हमला बोल दिया और उन्हें सींगों से प्रहार कर कई बार पटका। चीख सुनकर पहुंचे परिजनों ने घायल जावित्री देवी को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। सुबह सात बजे वृद्धा की मौत हो गई।
प्रधान बाबूराम ने बताया कि अन्ना सांड़ काफी दिनों से घूम रहा है। इसके पहले खेत पर काम कर रहे राजाराम, लेखराम, श्रीकृष्ण यादव को हमला कर घायल कर चुका है। थाना पुलिस से इसे पकड़वाने की मांग की गई पर कुछ नहीं हुआ। गांव वाले दहशत में हैं। सांड़ को पकड़वाने की मांग जिला प्रशासन से की है।