घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स
- फोटो : amar ujala
फतेहपुर में रविवार को रास्ते के निर्माण को लेकर कुछ लोगों ने मारपीट के बाद बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं।
वारदात हुसैनगंज थानाक्षेत्र के शत्रुघ्नपुर गांव में रविवार सुबह करीब सात बजे हुई। गांव के राम सजीवन (70) दरवाजे पर लेटे थे। उनके बेटे नरेश, रमेश, अवधेश, सर्वेश, नरेंद्र धान लगाने खेत में चले गए थे। इधर, दूसरे पक्ष के कोमल, सुरेश, नरपत, नरेंद्र विवादित जगह पर निर्माण कराने लगे।
यह देखकर रामसजीवन की बहू मौके पर पहुंची। उसने 15 दिन पहले विवादित जगह पर निर्माण रोकने के लिए पंचायत में हुए समझौते की बात कही। लेकिन दूसरे पक्ष के लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए और गाली गलौज करने लगे।
बहू से गाली गलौज करने पर ससुर राम सजीवन ने एतराज जताया। बहू संगीता पत्नी सर्वेश ने बताया सभी आरोपियों ने ससुर पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया और उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। थानेदार निशिकांत राय ने बताया आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।