आठवीं मंजिल से कूदकर बुजुर्ग ने जान दी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के कल्याणपुर में बुधवार सुबह बीमारी से तंग आकर अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से अनूप खन्ना (62) ने छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिठूर तिराहे स्थित इंपीरियल हाइट्स अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल के फ्लैट नंबर 804 बी निवासी अनूप खन्ना माल रोड स्थित एक एयर टिकट कंपनी में मैनेजर थे। उनके परिवार में पत्नी प्रीति खन्ना व एक बेटी पिया है। बेटी मुंबई की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
अपार्टमेंट में रहने वाले पड़ोसियों ने बताया कि अनूप लंबे समय से डिप्रेशन के शिकार थे। बुधवार सुबह उन्होंने अपने फ्लैट के बाहर बनी रेलिंग से छलांग लगा दी। कल्याणपुर थानाप्रभारी अजय सेठ ने बताया कि प्राथमिक जांच में बीमारी के चलते सुसाइड करने की बात सामने आई है। मृतक की पत्नी अभी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। बेटी के आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
अक्सर करते थे सुसाइड की बात
अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि वह पिछले कई सालों से बीमारी के चलते मानसिक तनाव में चल रहे थे। वह अक्सर सुसाइड की बात कहते थे, लेकिन लोग उन्हें समझा बुझा कर शांत कर देते थे।