घटना स्थल पर पूछताछ करते उप निरीक्षक सुरेश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कन्नौज जिले में पत्नी और बेटे से विवाद के बाद वृद्ध ने आत्महत्या की धमकी दी। शिकायत पर 112 डायल की टीम वृद्ध को बेटे के साथ कोतवाली ले आई। यहां पूछताछ के बाद बेटे और पिता में समझौता कराकर घर भेज दिया गया। कुछ घंटे बाद वृद्ध ने घर के पीछे खेत में पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी।
सदर कोतवाली के सफदरगंज नई बस्ती निवासी किसान शंभूदयाल(62) के चार बेटे हैं। शंभूदयाल का बेटों और पत्नी से अक्सर विवाद होता था। उन्होंने पत्नी के नाम मकान और कुछ जमीन कर दी थी। इसके बाद भी परिवार में विवाद रहता था।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे शंभूदयाल का बेटे कमलेश, राम सागर, राजू और पत्नी से विवाद हो गया। इस दौरान शंभूदयाल ने आत्महत्या करने की धमकी दी। बेटे ने इसकी शिकायत 112 डायल पुलिस से की। पुलिस शंभूदयाल और बेटे रामसागर को कोतवाली ले आई।
पुलिस के मुताबिक यहां बेटे और पिता ने समझौता कर लिया। इसके बाद दोनों एक साथ घर चले गए। दोपहर बाद लगभग चार बजे घर के पीछे खेत में पेड़ की डाल में गमछा डालकर शंभूदयाल ने फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक सुरेश कुमार ने शव को कब्जे में ले लिया।
कोतवाल विकास राय ने बताया कि मृतक की जेब से दो पन्ने का कागज मिला है। इसमें हिसाब-किताब जैसा कुछ लिखा हुआ है। इसका घटना से संबंध है या नहीं, इसकी छानबीन की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होनी है। वहीं बेटे राजू ने बताया कि पिता शराब पीकर विवाद करते थे। शराब के नशे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।