कानपुर। इंडियन ऑयल की बरौनी-कानपुर तेल पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर हजारों लीटर तेल चोरी कर लिया। संदेह होने पर पाइप-लाइन की पेट्रोलिंग की गई तो नर्वल के थरेपाह में एक खेत की मिट्टी खोदकर तेल चोरी किए जाने के खेल का खुलासा हुआ। इंडियन ऑयल के अधिकारी व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इंडियन ऑयल की तरफ से नर्वल थाने में तहरीर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से बरौनी-कानपुर पाइप लाइन में प्रेशर कम आ रहा था। अधिकारियों ने छानबीन शुरू की तो गुरुवार दोपहर थरेपाह गांव से आगे हथेरुआ की तरफ चलने पर एक खेत में मिट्टी खुदी हुई दिखाई पड़ी। अधिकारियों ने मौके की खोदाई कराई तो तेल चोरी की बात सामने आई।
सेवानिवृत्त आईपीएस व इंडियन ऑयल पाइप लाइन के यूपी सुरक्षा प्रमुख एके सिंह ने बताया कि खेत में खोदाई कर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर ड्रिलिंग की गई और फिर फिटिंग लगाकर नलकी द्वारा तेल की चोरी की जा रही थी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पेट्रोलिंग गार्ड से भी इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की। नर्वल थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया इंडियन ऑयल की तरफ से अज्ञात के खिलाफ तेल चोरी की तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज किया जा रहा है।