राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभार्थियों को सस्ते मूल्य पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की योजना की डीएम अदिति सिंह ने गहन समीक्षा की। कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि वह इस योजना के लाभार्थियों का ब्लाकवार, कार्ड व यूनिट वार विवरण तैयार कराएं।
आगामी अप्रैल माह में सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की कार्ययोजना व रूपरेखा तैयार करने के लिए बीएसए, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कहा कि अप्रैल माह में रोस्टर बनाकर ग्रामवार एक विशेष अभियान चलाकर लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन कराया जाएगा और जो पात्र लोग किन्हीं कारणों से छूट गए होंगे। उन्हें भी जोड़ा जाएगा। साथ में ही कार्ड धारकों का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया जाएगा। यही नहीं जिन लाभार्थियों के बच्चों का स्कूलों में दाखिला नहीं होगा उनका प्रवेश भी कराया जाएगा।
ग्रामवार रोस्टर इस प्रकार बनाया जाएगा कि उसी दिन गांव में खाद्यान्न वितरण की तारीख भी लगी हो। इससे वितरण का सत्यापन भी कराया जा सकेगा। कहा कि किसी की भी मृत्यु भुखमरी से नहीं होनी चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी बीएन यादव के साथ डीएसओ नसीम अख्तर भी मौजूद रहे।