पुखरायां। अटवा रजबाहा से अकोढ़ी माइनर में शुक्रवार की शाम अचानक पानी आ गया था। किसानों की सूचना के बाद भी अधिकारियों ने इसे रोकने का इंतजाम नहीं किया। इससे 100 बीघा से अधिक फसल जलमग्न हो गई। खेतों में किसान स्वयं फावड़ा लेकर पानी का बहाव रोकते रहे।
अटवा रजबाहा में शुक्रवार की शाम पानी का तेज बहाव आ गया। जो अकोढ़ी माइनर में जाने से खेतों में खड़ी फसल को जलमग्न करने लगा। जिसका बहाव शनिवार को भी कम नहीं हुआ। सूचना के बाद भी प्रशासन की ओर से पानी रोकने के इंतजाम नहीं किए गए।
इससे सुखसौरा, सुनियापुर, दुल्लापुर, काशीपुर गांव में करीब 100 बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसान दिनेश पाल, वीरेंद्र पाल, कल्लू, सियाराम पाल, रहमत अली, सुमन देवी, रमेश पाल, वीरेंद्र पाल ने कहा कि अभी तक सिंचाई के लिए पानी का संकट था।
अब जब बारिश हो रही है तो माइनर में पानी छोड़ दिया गया। सफाई नहीं होने से कई जगह माइनर का पानी खेतों में भर रहा है। इससे लाही, चना, बेझर, अरहर, आलू, मटर समेत गेहूं की फसल जलमग्न हो गई है। समय पर अगर पानी नहीं निकला तो फसल खराब होगी। वहीं अवर अभियंता सुमिरन कुमार ने बताया कि सूचना पर रजबहा में पानी रोक दिया गया है।