कानुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 नवंबर से होंगी। फार्म जमा करने के लिए अंतिम तिथि पांच नवंबर निर्धारित की गई है। समर्थ पोर्टल पर ही परीक्षा फार्म भरे जा रहे हैं। छात्रों को परेशानी न हो इसके लिए तीन सप्ताह पहले फार्म भरना शुरू करा दिया गया था। परीक्षाएं विस्तृत प्रश्नों के आधार पर होंगी।
विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर परीक्षाओं को शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार कराने की तैयारी की जा रही है। पहली बार होगा जब छात्र स्वयं समर्थ पोर्टल पर अपना परीक्षा फार्म भरेगा। छात्रों को परीक्षा शुल्क भी स्वयं अपलोड करना होगा। पांच नवंबर तक सभी महाविद्यालयों को परीक्षा फार्म पूरे कराने के लिए कहा गया है। परीक्षा में उन्हीं छात्रों को बैठने को मिलेगा जिन्होंने कक्षा में 75 फीसदी उपस्थिति पूरी की है।
विवि कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि जो भी छात्र या छात्राएं लगातार अपनी कक्षाओं में नहीं पहुंच रहे हैं और माता-पिता से अलग एकाकी जीवन जी रहे हैं। उनकी विश्वविद्यालय के वेलनेस सेंटर पर विशेष काउंसलिंग कराई जाए। छात्र-छात्राओं को बेहतर प्लेसमेंट दिलाने के लिए भी विश्वविद्यालय की ओर से कोशिश की जा रही है। इसके तहत उनका कौशल विकास और विशेष प्रशिक्षण भी कराने की योजना है।
बैक पेपर में फीस के लिए हुए भ्रम को देखते हुए सीएसजेएमयू ने बैक पेपर परीक्षा फार्म की तिथि को विस्तारित कर दिया है। अब छात्र 25 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। प्रो. पाठक ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं ने बैक पेपर परीक्षा आवेदन के दौरान अधिक शुल्क जमा कराया है। उन सभी का अतिरिक्त शुल्क वापस कराया जा रहा है। कई महाविद्यालयों की ओर से जानकारी मिली है कि बैक पेपर के परीक्षा फार्म अभी तक सभी छात्र जमा नहीं कर सके हैं। इस वजह से परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 18 अक्टूबर को बढ़ाकर 25 अक्टूबर कर दिया गया है।