कानपुर। पॉलिटेक्निक संस्थानों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से दो दिसंबर तक होंगी। इसके लिए उप्र प्राविधिक शिक्षा परिषद ने सूची जारी की है। इसमें बायोटेक्नोलॉजी, टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, फैशन टेक्नोलॉजी, अकाउंटेंसी, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्किटेक्चर, कृषि, डेयरी, और फैशन डिजाइन सहित सभी शाखाओं की तारीखें निर्धारित की गई हैं।
परीक्षा दो पालियों में सुबह नौ और दोपहर दो बजे से होंगी। परिषद ने छात्रों को अपने संबंधित संस्थानों की वेबसाइट एवं नोटिस बोर्ड से समय-सारिणी देखने की सलाह दी है। परिषद के निदेशक अजीज अहमद ने बताया कि पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। निरीक्षण दल नियमित रूप से केंद्रों का भ्रमण करेंगे। विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधा और निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।