रागेंद्र स्वरूप सभागार में ग्रो सोसाइटी वेबसाइट की लांचिंग
- फोटो : अमर उजाला
ग्रो इंडिया सोसाइटी के वार्षिक समारोह में जानकारी दी गई कि टेलीविजन देखते हुए खाना खाने से मोटापा बढ़ रहा है। 78 प्रतिशत बच्चे टीवी देखते समय खाना खाते हैं। 70 फीसदी बच्चे छुट्टियों के समय दो घंटे से ज्यादा टीवी देखते हैं। मोटापे से बीमारियां भी बढ़ रही हैं।
यूपी के कानपुर स्थित रागेंद्र स्वरूप ऑडीटोरियम में आयोजित समारोह में ग्रो इंडिया - ग्रोथ एंड ओबेसिटी वर्कफोर्स के सचिव डॉ. अनुराग वाजपेयी ने डॉक्टरों, अभिभावकों और छात्र - छात्राओं को बताया कि उनकी संस्था ने 15 विद्यालयों के 6200 बच्चों में शोध किया। शोध में पता चला कि कक्षा - 5 से 8 के 22 प्रतिशत बच्चे मोटापे से ग्रस्त है। लड़कों की तुलना में मोटी लड़कियों का प्रतिशत ज्यादा है। इसकी वजह जंक फूड, टीवी देखते हुए खाना खाना, शारीरिक गतिविधियों का अभाव है।
इस मौके पर सोसाइटी की तरफ से वेबसाइट www.growsociety.in लांच की गई। बताया गया कि इसमें बच्चों के विकास, हार्मोनल बीमारियों आदि के संबंध में वीडियो, फोटो सहित जानकारी दी गई है। इसके साथ ही बाल रोग विशेषज्ञों के लिए ऑन लाइन पीडियाट्रिक इंडोक्राइनोलॉजी कोर्स शुरू किया गया। सचिव ने दावा किया कि देश में पहली बार शुरू हो रहे इस तरह के कोर्स में 36 विषयों पर 70 घंटे से ज्यादा के वीडियो, टेस्टबुक, 400 मरीजों की पिक्चर सहित केस स्टडी आदि दी गई है। छह महीने के इस कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गए। कार्यक्रम में डॉ. अतुल कपूर, डॉ. आरएन चौरसिया, डॉ. एमएम मैथानी, डॉ. ऋषि शुक्ला, डॉ. रश्मिी कपूर, डॉ. यूथिका वाजपेयी आदि शामिल रहीं।