कार्डियोलॉजी के कोविड वार्ड में तैनात कल्याणपुर निवासी नर्स ने इलाके के लोगों पर मोहल्ला छोड़ने का दबाव बनाने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत अधिकारियों को पत्र भेजकर इसकी शिकायत की है।
मूलरूप से बलिया निवासी नर्स अंबेडकरपुरम में रहकर कार्डियोलॉजी में ड्यूटी करती है। नर्स का आरोप है कि इलाके के कुछ युवक गिरोह बनाकर उसे कोरोना फैलाने की बात कहकर मोहल्ला छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही अस्पताल आते-जाते छेड़खानी करते हैं। विरोध पर गालीगलौज करते हैं।
सीओ कल्याणपुर अजय कुमार ने बताया कि पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला कि नर्स मोहल्ले में आवारा कुत्तों को आश्रय देती है। इसका इलाकाई लोग विरोध करते हैं। इसे लेकर पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। वहीं इस संबंध में एसपी पश्चिम डॉ अनिल कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में आरोप लगा रही महिला ही दोषी पाई गई हैं।
सीसीटीवी के जरिए पता चला कि महिला अपने घर में मोहल्ले के आवारा कुत्तों को रखती है। जिसके चलते वहां गंदगी फैली रहती है। पड़ोसियों ने जब विरोध किया था तो उनके साथ मारपीट करती नजर आई थी। लिहाजा महिला के खिलाफ भी एनसीआर दर्ज की गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।