एयरपोर्ट पर बढ़ती तस्करी की घटनाओं को देखते हुए कस्टम विभाग के कमिश्नर (यूपी एवं उत्तराखंड) वेद प्रकाश शुक्ला ने प्रदेश के सभी पासपोर्ट कार्यालयों को भी अलर्ट किया है। साथ ही बीते एक साल में तस्करी के मामले में पकड़े गए लोगों के पासपोर्ट कैंसिल कराने की तैयारी शुरू कर दी है। भविष्य में इनके पासपोर्ट न बने इसके लिए सचेत रहने को कहा गया है।
कस्टम कमिश्नर ने बताया कि कानून की बारीक कमियों का फायदा उठाकर तस्कर बार-बार अपने काम को अंजाम न दे पाएं। इसके लिए दोनों विभागों के बीच समन्वय की जरूरत है। प्रदेश के दो अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लखनऊ और वाराणसी में बीते दिनों तस्करी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क किया गया है।
अब पासपोर्ट कार्यालय अभियुक्तों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सकेगा। जवाब से संतुष्ट ना होने पर पासपोर्ट निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। उन्होंने बताया की कानून की कमियों का फायदा उठाते हुए बहुत सारे तस्कर छूट जाया करते हैं और फिर से तस्करी में लिप्त हो जाते हैं।