अपने गांव और अपने लोगों के बीच में रहकर उद्यमिता शुरू करना चाहते हैं तो आपके पास शानदार मौका है। इसके लिए आप कानपुर के जिला प्रशासन, ‘अमर उजाला’, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के संयुक्त अभियान ‘उत्थान : अ स्टार्टअप निर्माण’ का हिस्सा बनकर विशेष मदद हासिल कर सकते हैं। अभियान का आगाज 18 जनवरी को हो जाएगा।
विज्ञापन
18 जनवरी को प्रदेश के 17 जिलों में एक साथ ग्रामीण उद्यमिता के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ ग्रामीण युवाओं, किसानों और महिलाओं को उद्यमिता शुरू करने के लिए टिप्स देंगे। उन्हें बताया जाएगा कि वह अपने गांव में ही रहकर कृषि सहित कई अन्य विधाओं में उद्यमिता शुरू कर सकते हैं।
डेमो
बीज उत्पादन, जैविक खाद तैयार करना, जैविक खेती करना, पापड़-चिप्स बनाने की फैक्ट्री, फसलों को संरक्षित रखने की फैक्ट्री, मुर्गी पालन, सुअर पालन, पशुपालन, सिलाई-कढ़ाई, मोमबत्ती तैयार करने की फैक्ट्री, कृषि यंत्रों को तैयार करने की कंपनी सहित 162 अलग-अलग विधाओं में मुफ्त में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण हासिल करने वालों को प्रदेश और केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ दिलाते हुए आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
इसके अलावा उनके उत्पाद की बिक्री के लिए मार्केटिंग का तरीका भी सिखाया जाएगा। मंगलवार को कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए सीएसए में कुलपति प्रो. सुशील सोलोमन की अध्यक्षता में बैठक भी हुई। इसमें प्रो. आरसी सिंह, डॉ. हरेश प्रताप सिंह, प्रो. वेदरत्न, प्रो. मुनीश कुमार, डॉ. जितेंद्र आदि मौजूद रहे।
इन जिलों में आयोजित होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
बांदा, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, जालौन, हमीरपुर, चित्रकूट, हाथरस, रायबरेली, अलीगढ़, फिरोजाबाद और मैनपुरी में 18 जनवरी को कार्यक्रम आयोजित होगा जबकि महोबा, लखीमपुर खीरी और कासगंज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तिथि बाद में तय की जाएगी।
निवेशकों से सीधा मिलने का मौका
उत्थान अ स्टार्टअप निर्माण के दूसरे चरण में छह से आठ मार्च 2019 को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में नेशनल कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश और विदेश के कई बड़े निवेशक, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी और शिक्षाविद् मौजूद रहेंगे। निवेशक कृषि या इससे जुड़े क्षेत्र में स्टार्टअप आइडिया लाने वालों का प्रोजेक्ट देखेंगे और उसमें चयनित होने वाले प्रोजेक्टों में दस करोड़ रुपये तक का निवेश दिया जाएगा। आप इस कार्यक्रम में शामिल होकर सीधे निवेशक से भी संवाद कर सकते हैं।
प्रतियोगिताओं में जीतें लाखों रुपये
उत्थान- एग्रीप्रेन 2019 के तहत छह से आठ मार्च के बीच सीएसए में कई प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसमें बिजनेस प्लान कॉम्पिटिशन, एग्री इनोवेशन (कृषि के लिए तैयार किए गए तकनीक का मॉडल प्रदर्शन) शामिल हैं। इन दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को लाखों के इनाम दिए जाएंगे और उन्हें स्टार्टअप शुरू करने के लिए तकनीकी सहायता भी प्रदान की जाएगी।