कानपुर। अब शहर में रेल मेल डाक सर्विस की सुविधा 24 घंटे मिलेगी। इससे उपभोक्ता किसी भी समय अपने पार्सल, पत्रों की बुकिंग करवा सकते हैं। अभी तक यह सुविधा सुबह आठ से रात 11:45 बजे तक ही मिलती थी। लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए डाक विभाग ने इसे 24 घंटे कर दिया है। प्रवर डाक अधीक्षक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इसका फायदा व्यापारियों और कामकाजी लोगों को मिलेगा। समय बढ़ने से भीड़ भी नियंत्रित होगी और डाक सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। लोग कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के बाहर स्थित एसपीसी एक्सटेंशन काउंटर से सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा कानपुर मंडल के अंतर्गत अन्य जिलों के रेलवे स्टेशनों पर भी यह सुविधा 24 घंटे मिलेगी। (संवाद)