कानपुर। प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र-छात्राओं को अब अमेरिकन प्रोफेशनल से ग्लोबल तकनीक सीखने का मौका मिलेगा। वह तकनीक में हो रहे बदलाव को जान व समझ सकेंगे। इसके लिए पीएसआईटी ने अमेरिका की प्रतिष्ठित आईटी कंपनियों में कार्यरत प्रोफेशनल्स को संस्थान से जोड़ा है। उनको संस्थान में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में नियुक्त किया गया है।
संस्थान के ग्रुप निदेशक डॉ. मनमोहन शुक्ला ने बताया कि प्रोफेशनल्स उन तकनीक की विस्तृत जानकारी देंगे, जिनकी वर्तमान में अधिक मांग है या फिर भविष्य की बड़ी जरूरत होगी। इसमें क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एंड मशीन लर्निंग, साफ्टवेयर इंजीनियरिंग, वीएलएसआई डिजाइन और डाटा एनालिटिक्स आदि शामिल हैं। यह कोर्स वर्तमान समय में जॉब सेक्टर के सबसे अधिक डिमांड वाले क्षेत्रों में हैं। संस्थान के चेयरमैन प्रणवीर सिंह ने कहा कि पीएसआईटी का उद्देश्य सिर्फ डिग्री देना नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर होने वाली प्रतिस्पर्धा के लिए योग्य बनाना है।
इनकी हुई नियुक्ति
प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस में मेटा, यूएसए की नंदिता गिरी, अमेजन एडब्ल्यूएस के राजेश पांडेय, पालो ऑल्टो के अनुराग रेड्डी, फेडएक्स प्लानो यूएसए के वरिष्ठ क्लाउड इंजीनियर मिलन कुमार राणा जैसे प्रोफेशनल्स शामिल हैं। इसी तरह ब्रॉडकॉम यूएसए के अद्वैत पटेल, आर्कल यूएसए के प्रांजल शर्मा व पायल गोधानी, एलटीआई माइंडट्री यूएसए के अमलान घोष, अंडावी सॉल्युशंस के रजनीकांत, इवीकोर हेल्थकेयर यूएसए के राकेश पाई, एमआरआई यूएसए में डायरेक्टर ऑफ इंजीनियरिंग के भूषण चव्हाण को नियुक्त किया गया है।