कानपुर। शहर में पहली बार होने वाली कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) अब 28 फरवरी के बजाय दो से 11 मार्च तक ग्रीनपार्क में खेली जाएगी। चैंपियंस ट्रॉफी का नौ मार्च को फाइनल मैच और कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल मैच होने की वजह से लीग में बदलाव हुआ है। पहले केपीएल का फाइनल मैच भी नौ मार्च को ग्रीनपार्क में खेला जाना तय था।
कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल मैच 10 से 13 फरवरी तक ग्रीनपार्क में होगा। इसमें यूपी के जीतने पर सेमीफाइनल मैच भी यहीं पर खेला जाएगा। वहीं, चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मैच भी नाै मार्च को ग्रीनपार्क में खेला जाएगा। ऐसे में केपीएल को आगे बढ़ा दिया गया है। केसीए के डॉ. संजय कपूर ने बताया कि केपीएल के लिए ग्रीनपार्क स्टेडियम बुक हो गया है। गुरुवार को पैसा जमा कर दिया गया है। केपीएल की शुरुआत दो मार्च से होगी। फाइनल मैच 11 मार्च को खेला जाएगा। आईपीएल की टाइमिंग के हिसाब से प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। पहले से ही तय तिथि नौ फरवरी को आर्यनगर स्थित गैंजेस क्लब में होगी।
डॉ. कपूर ने बताया कि नौ फरवरी को खिलाड़ियों की नीलामी में टीवी कलाकार व अभिनेत्री सृष्टि रोड़े भी शामिल होंगी। नीलामी में छह फ्रेंचाइजियों के मालिक शामिल होंगे। नीलामी में रणजी, बोर्ड ट्रॉफी के साथ ही अन्य खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। बोली सृष्टि रोड़े लगवाएंगी। नीलामी प्रक्रिया सुबह 11 से शाम सात बजे तक चलेगी।
केपीएल में मैचों का लाइव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर होगा। ऐसे में डीडी ब्रॉडकास्ट की टीम शुक्रवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम का निरीक्षण करेगी। टीम 14 स्थानों पर लगने वाले हाईटेक कैमरों के स्थान को देखेगी। साथ ही ड्रोन व बग्घी कैमरे के प्लेटफार्म का स्थान भी तय करेगी।