कानपुर देहात। अकबरपुर नगर पंचायत प्रशासन ने कचरा निस्तारण केंद्र पर एकत्र प्लास्टिक कचरा से बेंच बनवाई हैं। फिलहाल सभासदों के आवास कार्यालय पर एक-एक बेंच रखने की रुपरेखा बनी है। मगर जल्द ही यह बेंच नगर में अन्य स्थानों पर भी रखवाई जाएगी।
नसरतपुर मंचौरा में निकाय का कचरा निस्तारण केंद्र है। प्रति दिन घरों से लिया गया कचरा वहां एकत्र किया जाता है। इसके बाद इससे प्लास्टिक व अन्य कचरा अलग-अलग किया जाता है। प्लास्टिक कचरे से रनियां स्थित एक कंपनी टिकाऊ बेंच बनाती है। नगर में पूर्व में कई जगह सीमेंट की बेंच रखवाई गई। मगर ये जल्दी टूट जाती हैं। इनकी मरम्मत का भी विकल्प नहीं है। ऐसे में प्लास्टिक कचरे से बेंच तैयार कराने की सहमति बनी।
कंपनी के मुताबिक प्रति बेंच निर्माण पर एक हजार रुपये से कम खर्च आता है। बेंच का वजन करीब 60 किग्रा है। ईओ आशीष कुमार ने बताया कि पिछले माह निकाय बोर्ड की बैठक में प्लास्टिक कचरे से बेंच तैयार कराकर सभासदों के आवास कार्यालय पर रखवाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। इसी क्रम में प्लास्टिक कचरा देकर बेंच बनवाई गई हैं। यह प्रयोग सफल रहा तो अन्य जगह भी प्लास्टिक कचरे से बनी बेंच रखवाई जाएगी।