कानपुर कमिश्नरी पुलिस ने फर्जी पास तैयार कर शहर में फर्राटा भरने वाले वाहनों कर लगाम कसने का फैसला किया है। ट्रैफिक पुलिस अब वाहन मालिकों के नाम से बारकोड वाला पास जारी करेगी। साथ ही ट्रांसपोर्ट और कंपनियों के नाम से अब तक जारी किए गए 507 पास निरस्त किए जाएंगे।
एडीसीपी निखिल पाठक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ वाहन चालक पूर्व में जारी पास की फोटोकॉपी कराकर नो एंट्री में आवाजाही कर रहे हैं। पकड़े जाने पर लोग उस गाड़ी को खराब बताकर अपनी गाड़ी का नंबर पास पर अंकित करा लेते थे। बारकोड होने से इस फर्जीवाडे़ पर रोक लगेगी। बताया कि नई व्यवस्था में अब एक पास पर एक ही वाहन चलेगा।
बारकोड पर होगी कलर कोडिंग
एडीसीपी ने बताया कि पहले सफेद कागज पर प्रिंट वाले पास जारी किए जाते थे। अब बारकोड वाले नए पास पर कलर कोडिंग होगी। इससे फोटोकॉपी कराकर फर्जीवाड़ा किया गया तो पकड़ में आ जाएगा।