उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) की कार्यकारिणी ने बुधवार को 1, 2 और 3 मार्च को प्रस्तावित चुनाव स्थगित कर दिया है। अब चुनाव अगस्त या सितंबर में कराया जाएगा।
सात सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो चुनाव की अगली डेट और चुनाव का स्थान तय करेगी। इस संगठन से करीब 14,000 शिक्षक जुड़े हैं।
फुपुक्टा कार्यकारिणी की आपात मीटिंग बुधवार को बीएनडी कॉलेज में हुई। अध्यक्ष डॉ. राजीव प्रकाश और महामंत्री डॉ. विवेक द्विवेदी की मौजूदगी में कहा गया कि आगरा, बरेली, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर और फैजाबाद विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो रही हैं और 30 अप्रैल तक चलेंगी।
इस दौरान फुपुक्टा का चुनाव करा पाना संभव नहीं है। मई, जून में ग्रीष्मावकाश रहता है। इसके बाद चुनाव अगस्त सितंबर में कराने पर सहमति बनी।
डॉ. डीआर यादव, डॉ. विवेक द्विवेदी, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. राजेश मिश्र, डॉ. ईशपाल सिंह और डॉ. पीके शुक्ला की कमेटी को चुनाव शेड्यूल बनाने की जिम्मेदारी दी गई। इस मौके पर डॉ. बीडी पांडेय, डॉ. संतोष त्रिपाठी, डॉ. वीके कटियार मौजूद रहे।