कानपुर। सीडीओ दीक्षा जैन ने बुधवार को कौशल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रोजेक्ट प्रवीन और दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना की समीक्षा की। वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लक्ष्यों के सापेक्ष कई प्रशिक्षण प्रदाताओं की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशिक्षण प्रदाताओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। समीक्षा में पता चला कि रिवील डेवलपमेंट से जुड़े प्रशिक्षण में 300 युवाओं के मुकाबले केवल 75 का प्रशिक्षण शुरू हुआ। महिला एवं बाल विकास से आवंटित 100 में से 75 युवतियों का और सिद्धि विनायक सेवा समिति के 150 में से 75 युवाओं का प्रशिक्षण शुरू हो सका। प्रोजेक्ट प्रवीन के अंतर्गत सभी प्रशिक्षण प्रदाताओं को 30 नवंबर तक हर स्थिति में प्रशिक्षण शुरू कराने के आदेश दिए। सीडीओ ने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। (ब्यूरो)