हरदोई जिले में एसडीएम शाहाबाद और किसान के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल होने और इसमें एसडीएम के बोल को लेकर मामला तूल पकड़ गया है। एडीएम ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसडीएम शाहाबाद से जवाब तलब भी किया गया है। एसडीएम शाहाबाद एपी श्रीवास्तव और एक किसान की बातचीत का ऑडियो शुक्रवार को वायरल हुआ था। इस ऑडियो में एसडीएम शाहाबाद ने किसान से अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया था।
ऑडियो में किसान को एसडीएम ने पागल कह दिया था। ऑडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया। ऑडियो का संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी और बताया कि ऑडियो के संबंध में एसडीएम शाहाबाद अतुल प्रकाश श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
उन्होंने कहा कि एसडीएम का स्पष्टीकरण मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने कहा कि किसानों की समस्याओं को निस्तारित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।