प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि
- फोटो : iStock
कानपुर में फर्जी तरीके से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हड़पने वाले साढ़े चार हजार लोगों से वसूली शुरू हो गई है। अब तक आठ सौ से अधिक लोगों से वसूली की जा चुकी है। शेष से धनराशि की वसूली की प्रक्रिया चल रही है। सभी को उप निदेशक कृषि की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
साथ ही नए लाभार्थियों के चयन के लिए किसानों का सर्वे किया जा रहा है। इनमें जो अपात्र मिलेंगे, उनका नाम हटाकर वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उप निदेशक कृषि धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, सरकारी नौकरी वाले, रिटायर व्यक्ति, सांसद, विधायक, एमएलसी आदि को योजना का लाभ नहीं मिलता।
इसी तरह पति-पत्नी में से किसी एक को ही योजना का लाभ दिया जा सकता है। ऐसे लोगों ने भी सम्मान निधि हड़प ली। अब ऐसे साढ़े चार हजार लोगों से अब वसूली हो रही है। इनमें भीतरगांव ब्लॉक के बरीमहतैन गांव निवासी महेश प्रसाद जो सरकारी नौकरी में हैं, उनसे 14 हजार रुपये की वसूली हुई है। इसी तरह खेरसा गांव के सोहनलाल, क्वटरा बिरहर के मेवालाल, बेदीपुर की उमा समेत आठ सौ से अधिक लोग हैं, जिनसे धनराशि की वसूली हो चुकी है।