कानपुर। जनता की शिकायतों के समाधान में ढिलाई बरतने वाले विभागों पर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) की छह माह से लगातार गिरती रैंकिंग को देखते हुए नगर आयुक्त को चेतावनी पत्र समेत 12 विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सितंबर में प्रदेश के 75 जिलों में कानपुर नगर को 73वीं रैंक मिलने से प्रशासन की साख पर सवाल उठे थे। बार-बार चेतावनी के बावजूद सुधार नहीं हो सकता है। एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि पिछले छह महीनों से शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले विभागों को नोटिस जारी किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), सहायक श्रमायुक्त, अधिशासी अभियंता जलकल, अधिशासी अभियंता दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, एसडीएम सदर, एसडीएम बिल्हौर, केडीए सचिव, बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), अधिशासी अभियंता केस्को, अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, अधीक्षण अभियंता, केस्को को कारण जारी किया गया है।