डेरापुर (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के हथूमा गांव में ट्रैक्टर लूट के आरोपी की तलाश में सोमवार को बाराबंकी की पुलिस ने छापा मारा। आरोपी के न मिलने पर पुलिस ने उसके घर में कुर्की का नोटिस चस्पा किया है।
बाराबंकी के थाना रामसनेही घाट की पुलिस ने हथूमा गांव निवासी अंकुर उर्फ अनुज को ट्रैक्टर लूट के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी कई माह तक जेल में रहा। वर्तमान में वह जमानत पर जेल से बाहर है। जिसके बाद से वह न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहा।
न्यायालय ने अनुज को गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश बाराबंकी पुलिस को दिया था। इस पर सोमवार को रामसनेही घाट थाने के दरोगा रामराज चौधरी ने पुलिस टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचकर उसकी तलाश की, लेकिन आरोपी अंकुर मौके पर नहीं मिला। जिस पर पुलिस कर्मियों ने निर्धारित तारीख पर हाजिर न होने की स्थिति में कुर्की करने का नोटिस दरवाजे पर चस्पा किया है।