न्यू ईयर के जश्न को झटका लगा है। कानपुर में अभी तक सिर्फ तीन स्थानों पर ही न्यू ईयर पार्टी के लिए मनोरंजन कर विभाग से परमीशन मांगी गई है। फिल्मों देखने वाले दर्शक भी कम हो गए हैं।
न्यू ईयर जश्न मनाने का काउन-डाउन शुरू हो गया है। पिछले सालों तक मनोरंजन कर विभाग में न्यू ईयर जश्न के लिए 24-25 तारीख तक 50-60 आयोजनों की अर्जियां आ जाती थीं। इस बार अभी तक ब्लू वर्ल्ड में बीच पार्टी, इंटरनेशनल विजय विला और कानपुर क्लब ने ही न्यू ईयर पार्टी की परमीशन मांगी है। जिला मनोरंजन कर अधिकारी प्रवीण गुप्ता का कहना है कि न्यू ईयर पार्टी के लिए इस बार आयोजक ही नहीं मिल रहे हैं।
इसलिए इस साल पार्टियों की संख्या में काफी गिरावट आने की उम्मीद है। उधर, फिल्मों के शो भी ठंडे चल रहे हैं। नवंबर माह में मनोरंजन कर विभाग को पिछले साल की अपेक्षा करीब 55 लाख टैक्स कम मिला है। इस माह में भी दर्शकों की संख्या पिछले साल की अपेक्षा कम ही है। हालांकि नवंबर की अपेक्षा इस महीने दर्शक थोड़े बढ़े हैं।