आईआईटी कानपुर के स्टूडेंट जिमखाना चुनाव में नन ऑफ द एवब (नोटा) भी चलेगा। वोटिंग के साथ विशेष कंप्यूटराइज्ड सॉफ्टवेयर पर नोटा का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। यदि प्रेसीडेंट या फिर दूसरे पद के प्रत्याशी को ज्यादा नोटा मिले तो चुनाव निरस्त हो जाएगा।
स्टूडेंट जिमखाना का चुनाव 22 जनवरी को सुबह 11 बजे से रात आठ बजे के बीच होगा। रात 12 बजे तक रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे। इस चुनाव में अंडर ग्रेजुएट (यूजी), पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) और पीएचडी के 6500 स्टूडेंट वोट डालेंगे। इससे पहले नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। गुरुवार (12 जनवरी) को रात 10:30 बजे तक नामांकन कराए जा सकेंगे। प्रेसीडेंट पद के लिए ऋतुज जुगाडे ने नामांकन कराया है। जनरल सेक्रेटरी साइंस एंड टेक्नोलॉजी पद के लिए अनवेश जादौन ने नामांकन कराया है। जनरल सेक्रेटरी कल्चरल, जनरल सेक्रेटरी फिल्म एंड मीडिया और जनरल सेक्रेटरी गेम्स एंड स्पोर्ट्स के भी नामांकन हुए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आयुष पाठक ने बताया कि यदि एक-एक प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे तो भी चुनाव होगा। निर्विरोध चुनाव का प्रावधान नहीं है।
हर स्टूडेंट को पांच वोट डालने की छूट
- पांच मुख्य पदों के लिए एक स्टूडेंट को पांच वोट डालने की अनुमति मिलती है। सीनेटर का चुनाव उसी बैच के स्टूडेंट करते हैं, जिस बैच का प्रत्याशी होते हैं। सीनेटर के लिए तीन वोट डालना पड़ता है। क्रमवार पहला, दूसरा और तीसरा विकल्प बताना पड़ता है।
हर वोटर के दरवाजे पर जाकर मांगे वोट
::: स्टूडेंट जिमखाना के चुनाव में आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सख्ती से कराया जाता है। मीडिया या फिर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं दी जाती है। प्रत्याशियों को हर वोटर के दरवाजे पर जाकर वोट मांगना पड़ता है।
50 फीसदी से कम वोट तो चुनाव निरस्त
:::: स्टूडेंट जिमखाना का चुनाव 50 फीसदी वोट के साथ जीतना अनिवार्य है। ऐसा नहीं हुआ तो चुनाव प्रक्रिया निरस्त हो जाएगी। दोबारा चुनाव होंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि जितने वोट पड़ें, उसका 50 फीसदी हिस्सा विजेता उम्मीदवार को मिलना चाहिए, तभी चुनाव प्रक्रिया मान्य होगी।