हाल ही में पद्मश्री से सम्मानित हुईं लोक गायिका मालिनी अवस्थी का कहना है कि देश में कहीं भी माहौल खराब नहीं है। लोग बेवजह सरकार को बदनाम करने के लिए उस सम्मान को वापस कर रहे हैं, जो उन्हें सालों पहले मिला था।
आमिर खान की पत्नी की फिक्र पर चुटकी लेते हुए उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि ‘उनकेर दुल्हन के बारे में हम कुछ न कहेल, हम ई कहे कि मनइन का दुल्हन केर बाति कम मानिन चाहि’। मालिनी अवस्थी सोमवार को किदवईनगर स्थित नागरिक धर्मशाला में युवा कलाकारों की वर्कशाप में आई।
उन्होंने बताया कि उनकी संस्था सोन चिरइया नौटंकी विधा को फिर से जीवित करने के लिए काम कर रही है। संस्था से कई युवा कलाकार भी जुड़ रहे हैं। 18 मार्च को ये कलाकार बनारस में नौटंकी का कार्यक्रम करेंगे। मालिनी के मुताबिक नौटंकी और लोक गीतों में हो रही फूहड़ता ने इस पुरानी विधा को काफी नुकसान पहुंचाया है।
आज लोग टीवी पर नौटंकी का आधुनिक स्वरूप कामेडी को तो पसंद कर रहे हैं लेकिन लैला मजनू और हरिश्चंद्र के प्ले नहीं भा रहे हैं। लिहाजा उन्होंने और गुलाबबाई की बेटी मधु अग्रवाल ने नौटंकी विधा को फिर से लोकप्रिय बनाने का प्रयास शुरू किया है।
बकौल मालिनी कानपुर उनकी ससुराल है और उन्हें अच्छी तरह मालूम है कि एक वक्त था, जब इस शहर में नौटंकी देखने वालों की भीड़ जुटा करती थी। वे यहां के जिलाधिकारी से मिलकर तीन दिवसीय नौटंकी महोत्सव कराए जाने की भी बात करेंगी।