पुखरायां। रेलवे स्टेशन पुखरायां के प्लेटफार्म नंबर एक पर बुधवार शाम उद्योग कर्मी ट्रेन के चलते ही मां को चढ़ाने के लिए बेटी नीचे उतर गई। इससे वह गिरकर घायल हो गई। यात्रियाें ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। सामान उतार कर इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जालौन के कुठौंद निवासी नीतू ने बताया कि वह गुरुवार को पुत्री काजल और मासूम नाती को लेकर उरई से उद्योग कर्मी ट्रेन की जनरल बोगी में सवार होकर भाई के घर लखनऊ जा रही थीं। जनरल बोगी में भीड़ थी। पुखरायां स्टेशन पर शाम को ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी तो लघुशंका के लिए उतर गईं। जब तक वह आईं तब तक ट्रेन चल पड़ी और वह बैठ नहीं पाई। यह देख बोगी में बैठी बेटी काजल बच्चे को एक यात्री को पकड़ा कर चलती ट्रेन से कूद गई। इसके कारण वह घायल हो गई।
यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को आउटर के पहले ही रोक दिया। यात्रियों ने महिला का सामान उतार कर बच्चे को सौंपा। आरपीएफ कर्मचारी पहुंचे और ट्रेन को रवाना कराया। सफाई कर्मचारी सूरज कुमार ने घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। डाॅ. अनूप कुमार सचान ने बताया महिला का उपचार कर किया गया है, अधिक चोट नहीं लगी है। सहायक स्टेशन मास्टर दीपक कुमार ने बताया कि महिला ट्रेन से नहीं गिरी है।