उन्नाव के अचलगंज में नोएडा पुलिस के मैसेज ने बुधवार रात अचलगंज कस्बा निवासी एक युवक की रातों की नींद उड़ा दी। युवक की बाइक बुधवार रात उन्नाव स्थित उसके घर में खड़ी थी। इसी दौरान नोएडा पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने के आरोप में उसकी बाइक का ई-चालान कर दिया।
पीड़ित को मैसेज से बाइक का चालान होने की सूचना मिली। पीड़ित युवक अचलगंज पुलिस के पास पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिस कर्मी ने नोएडा पुलिस से मामले की शिकायत करने की बात कह पीड़ित को चलता कर दिया। अचलगंज कस्बा निवासी राहुल बाजपेई पेशे से इंजीनियर हैं।
राहुल बाजपेई के मुताबिक बुधवार रात वह घर में थे। रात नौ बजे उनके मोबाइल पर नोएडा पुलिस का एक मैसेज आया। जिसमें यातायात नियमों का पालन न करने के आरोप में उनकी बाइक का ई-चालान किया गया था। चालान के बदले 500 रुपये जमा करने की बात भी मैसेज में लिखी थी।
मैसेज में उनकी बाइक का नंबर पड़ा हुआ था। मैसेज आने पर राहुल अचलगंज थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को ई-चालान का मैसेज दिखाया और अपनी बाइक व उसके कागजात प्रस्तुत किए। थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। चालान से संबंधित मामला नोएडा पुलिस से जुड़ा है।