घाटमपुर में 25 जुलाई को एक ट्रक विस्फोटक के साथ गिरफ्तार नक्सली एजेंटों से मिली जानकारी के आधार पर ही नक्सलियों के नोएडा नेटवर्क का खुलासा करने में एटीएस को सफलता मिली है।
नोएडा के रिहायशी इलाके से शनिवार देर रात एटीएस ने 9 नक्सलियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया। इन नक्सलियों का पहला सुराग कानपुर से ही मिला था। 25 जुलाई को कानपुर के घाटमपुर में पुलिस और एटीएस की टीम ने एक ट्रक विस्फोटक के साथ बिहार के पंकज सिंह, विक्रांत, सोम नारायण और सुल्तानपुर निवासी ट्रक ड्राइवर निर्भय उर्फ रोशन को गिरफ्तार किया था। एक दिन बाद झांसी के मोंठ से चरन सिंह की गिरफ्तारी हुई थी।
आरोपियों से पूछताछ में उनके तार सासाराम निवासी नक्सली ओमप्रकाश चौधरी, अक्षयवर महतो और पप्पू दाढ़ी से जुड़े पाए गए थे। जांच के दौरान जिनकी तलाश में एटीएस बिहार गई थी, वे तो नहीं मिले लेकिन एक नए नेटवर्क का पता चल गया। इसको डेवलप करने के बाद नोएडा नेटवर्क का खुलासा हुआ। माना जा रहा है जल्द ही चौधरी, महतो और पप्पू दाढ़ी भी एटीएस की गिरफ्त में होंगे।
यह भी बता दें कि ईद के एक दिन पहले 6 जुलाई को जाजमऊ फ्लाईओवर के नीचे भी एक लावारिस सेंट्रो कार से एक हजार डेटोनेटर मिले थे। इसकी जांच के बाद एटीएस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर घाटमपुर से एक ट्रक विस्फोटक बरामद किया था। फिलहाल मामले की विवेचना एटीएस के इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह कर रहे हैं।