सचिव नियोजन ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर देहात के डेरापुर में सचिव नियोजन व जनपद की नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने गुरुवार को बलाई बुजुर्ग गांव में चौपाल लगा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। सरकार की योजनाओं के बाबत ग्रामीणों से फीड बैक लिया। वहीं चौपाल में बड़े पैमाने पर फर्जी बिल आने की समस्या ग्रामीणों ने बताई जिससे उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने एसडीओ को फटकार लगाने के साथ गांव में कैंप लगाकर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान राजेश ने सचिव को बताया कि उनके घर के पास बिजली का पोल टूटा है और ट्रांसफार्मर खराब है, जिससे 2012 से घर में बिजली नहीं है। फिर भी विभाग ने 56 हजार का बिल भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरेलू कनेक्शन के बिल बढ़ कर आ रहे हैं, जिनके संशोधन के लिए वह विद्युत दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं लेकिन वहां कोई सुनने वाला नहीं है। इस पर सचिव नियोजन ने विद्युत विभाग के एसडीओ को फटाकर लगाते हुए गांव में कैंप लगाकर दो दिन में समस्याओं का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। सचिव ने प्रधान मंत्री आवास, शौचालय, खाद्यान्न और मिट्टी का तेल वितरण, स्वास्थ्य व्यवस्था, उज्ज्वला गैस कनेक्शन योजना, सौभाग्य योजनाओं के बाबत ग्रामीणों से फीड बैक लिया। उन्होंने इन योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ग्रामीणों से की। इस पर कुछ ग्रामीणों ने समस्याएं बताई, जिस पर उन्हें संबंधित अफसरों को निस्तारण के निर्देश दिए।