कानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले प्रवेश पत्रों में त्रुटियों को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय ने बताया कि छात्रों के हित में विषय और लिंग संबंधी त्रुटियों को ठीक करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी परीक्षार्थी का नुकसान न हो। उन्होंने बताया कि जिन छात्रों के एडमिट कार्ड में विषय गलत अंकित है, उन्हें अंडरटेकिंग फॉर्म भरकर उसी विषय की परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी, जिसकी उन्होंने पढ़ाई की है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि किसी छात्र ने हिंदी की पढ़ाई की है और प्रवेश पत्र में सामान्य हिंदी आया तो वह छात्र हिंदी विषय का ही पेपर देगा। प्रश्नपत्र पर अलग विषय अंकित होने की स्थिति में अंडरटेकिंग लेकर छात्र को संबंधित विषय का पेपर देने की अनुमति दी जाएगी। जिन छात्राओं के एडमिट कार्ड पर मेल अंकित है, वे अपने निर्धारित स्वकेंद्र पर ही परीक्षा देंगी। वहीं, जिन छात्रों के प्रवेश पत्र पर फीमेल अंकित है उन्हें कोई छूट नहीं होगी। ऐसे छात्र अपने अन्य साथियों की तरह दूसरे केंद्र पर परीक्षा देने जाएंगे और उनसे अंडरटेकिंग ली जाएगी। इस संबंध में सोमवार को डीआईओएस ने सभी कक्ष निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं। सभी कक्ष निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों ने अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का आकलन किया। (ब्यूरो)