रामादेवी-आईआईटी समेत प्रमुख मार्गों पर गड्ढे और खराब पैच मिले
दो दिन में पैचवर्क पूरा कर सड़कें मोटरेबल बनाने का अल्टीमेटम
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। शहर की सड़कों की बदहाली को लेकर मंडलायुक्त ने शुक्रवार को खुद सड़कों पर उतरे तो बदहाली की हकीकत सामने आ गई। रामादेवी से आईआईटी तक प्रमुख मार्गों समेत मैनावती मार्ग, सिंहपुर-कल्याणपुर और स्वरूप नगर-नवाबगंज मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर उन्होंने सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था देखी। जहां सड़कें खराब मिलीं, वहां जिम्मेदार अफसरों को मौके पर ही जवाब देना पड़ा। पीडब्ल्यूडी एनएच खंड के अधीन मार्गों पर जरूरी पैचवर्क नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता ए.के. जयंत को फटकार लगाते हुए साफ निर्देश दिए कि सड़क की खराब स्थिति किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। दो दिन के भीतर पैचवर्क पूरा कर सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों को आवागमन के लिए पूरी तरह मोटरेबल बनाने का आदेश दिया।
निरिक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को भी प्रमुख मार्गों का तत्काल निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। जहां गड्ढे या सड़क के हिस्से क्षतिग्रस्त हैं, वहां प्राथमिकता से पैचवर्क कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क को कागजों में गड्ढामुक्त दिखाने के बजाय मौके पर ऐसी स्थिति में लाया जाए कि लोगों का आवागमन सुगम हो। मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी, एनएच खंड और नगर निगम को अपने-अपने अधीन मार्गों की जिम्मेदारी तय समयसीमा में निभाने के निर्देश दिए। खराब सड़कों पर तत्काल काम शुरू कराने के साथ ही मरम्मत की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने दो टूक कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों पर गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़कें यातायात में बाधा नहीं बननी चाहिए। आमजन को परेशानी से बचाने के लिए मरम्मत कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।