वाराणसी से अहमदबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस हादसे के पीछे साजिश की आशंका के मद्देनजर केंद्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी जांच शुरू कर दी है। गुरुवार दोपहर एनआईए के दो अधिकारियों ने सेंट्रल स्टेशन और घटनास्थल का जायजा लिया। ट्रेन के लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट और गार्ड से पूछताछ की। यहां के बाद अधिकारी पनकी थाने भी गए और स्टाफ से जानकारी जुटाई।
पिछले सप्ताह शुक्रवार रात करीब ढाई बजे साबरमती एक्सप्रेस गोविंदपुरी और भीमसेन स्टेशन के बीच पनकी में लोहे की पटरी से टकराकर ट्रैक से उतर गई थी। ट्रेन के इंजन समेत 22 डिब्बे डिरेल हो गए थे। प्रारंभिक जांच में साजिश की आशंका सामने आई है। इसके बाद पुलिस को यात्रियों समेत दो हजार लोगों के बयान लेने के निर्देश दिए गए। इस मामले की गंभीरता और इसमें साजिश की आशंका को लेकर एनआईए की टीम दोपहर में सेंट्रल स्टेशन पहुंची।