चौकी क्षेत्र के किशरवल रोड पर सोमवार अवैध बैरियर कट पार करते समय
डीसीएम-कार की जोरदार टक्कर मेें पांच लोगों के जिंदा जलकर हुई मौत के बाद
एनएचआई बुधवार को हरकत में आया। कस्बे में जगह-जगह अवैध रूप से बनाए गए कैच
बैरियर कटों को एनएचआई टीम ने बंद कराना शुरू कर दिया।
बताते चलें कि
रनियां चौकी क्षेत्र के किशरवल रोड के सामने नेशनल हाइवे-2 पर सोमवार आधी
रात को अवैध बने बैरियर कट को पार करते समय एक डीसीएम इलाहाबाद से आ रही
कार से टकरा गई।
डीसीएम के फ्यूल टैंक में कार टकराने से दोनों वाहनों में
आग लग गई। कार सवार इलाहाबाद की हंडिया तहसील के चंदनहा गांव निवासी मीना
उर्फ रिंकी, शिवम पांडेय, सूरज पांडेय व मासूम आयुष व आयुषी की जिंदा जलकर
मौत हो गई थी।
रनियां चौकी क्षेत्र मेें दुर्घटना रोकने के लिए हाइवे के
बीचोबीच कैच बैरियर कट लगाए जाने मेें हो रहे मानकों से खिलवाड़ के मुद्दे
को अमर उजाला ने पहले भी कई बार उठाया था।
सोमवार को इस भयानक हादसे के
बाद एनएचआई प्रशासन नींद से जागा। एनएचआई टीम ने मंटोरा चौराहे से
कुंदनपुर तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में बनाए गए अवैध कैच बैरियर कट को
बंद कराना शुरू कर दिया। टीम ने मंटोरा चौराहा, चिटिकपुर, किशरवल रोड,
पड़ाव, सहित अन्य अवैध कटों को बंद करा दिया।
इस संबंध में एनएचआई
प्रोजेक्ट मैनेजर यूसी मिश्रा ने बताया कि नेशनल हाइवे पर अवैध रूप से बनाए
गए कटों को टीम लगाकर बंद कराया जा रहा है।