कानपुर। हत्या, चोरी और लूट जैसे कई मामलों को सुराग देकर सुलझाने वाले कमिश्नरी पुलिस के डॉग नेक्सन की बुधवार देर रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। उसे पुलिस लाइन के शहीद स्थल पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। नेक्सन की उम्र सात साल आठ माह थी। उसने अब तक हत्या के 15 से अधिक मामलों को सुलझाया था। नेक्सन के जाने के बाद उसके साथी जिम्मी और यामिनी उदास हैं। डॉग स्क्वॉड में तैनात हेड कांस्टेबल कौशल वर्मा ने बताया कि नेक्सन डाबरमैन नस्ल का था। उसे 2019 से हरियाणा के आईटीबीपी पंचकूला सेंटर से लाया गया था। जेसीपी अपराध व हेडक्वार्टर वीके सिंह ने बताया कि जल्द ही मुख्यालय रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहां से नया डॉग मिलने की उम्मीद है।
नेक्सन के सुराग से इन मामलों का हुआ खुलासा
- 2019 में बाबूपुरवा में प्रेमी ने प्रेमिका के पिता की हत्या कर दी थी। आरोपी घर के नजदीक रहता था। नेक्सन ने आरोपी के पास जाकर उसे गिरफ्तार कराया था।
- 2023 में ककवन क्षेत्र में युवती के मामा को उसके प्रेमी ने मारकर नहर किनारे फेंक दिया था। नेक्सन की वजह से घटना का राजफाश हुआ।
- 2024 में साढ़ में किसान की हत्या कर शव भूसे में छिपा दिया गया था। नेक्सन ने बंटाईदार को गिरफ्तार कराने में भूमिका निभाई थी।