कानपुर स्थित हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) प्रशासन ने आम लोगों के साथ-साथ चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए भी प्रवेश गेट बंद कर दिया है। इससे दोनों विश्वविद्यालयों के अधिकारियों के बीच तनातनी बढ़ गई है। सीएसए अधिकारियों ने भी एचबीटीयू के लिए विवि का प्रवेश द्वार बंद करने का एलान कर दिया है।
दरअसल पिछले कुछ दिनों से एचबीटीयू में चोरी और एक्सीडेंट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसको देखते हुए गुरुवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनबी सिंह ने नवाबगंज के साथ-साथ विश्वविद्यालय के मुख्य गेट से भी आम नागरिकों के आवागमन पर रोक लगा दी थी। जबकि नवाबगंज की तरफ से ही बड़ी संख्या में सीएसए के कर्मचारी और शिक्षक आते-जाते थे।
रास्ते पर रोक लगाए जाने से प्रभावित शिक्षकों और कर्मचारियों ने इसकी शिकायत सीएसए के सुरक्षा अधिकारी डॉ. आरपी सिंह से की। डॉ. आरपी सिंह ने मामले को सुलझाने के लिए शनिवार को एचबीटीयू के रजिस्ट्रार और कुलपति से मुलाकात की। घंटों बातचीत के बावजूद कोई हल नहीं निकल सका। कुलपति प्रो. एनबी सिंह ने साफ कर दिया कि किसी भी हालत में एचबीटीयू गेट से आम लोगों को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने इसके लिए छात्रों की सुरक्षा का हवाला दिया।