कानपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि आयुष्मान योजना से प्रदेश के छह करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। जो 56 लाख लोग बचेंगे, उनके लिए अलग से गोल्डन कार्ड एक मार्च से जारी किया जाएगा। इस गोल्डन कार्ड से पांच लाख रुपये तक के इलाज का बीमा कवर मिलेगा। उन्होंने बताया कि डॉक्टर अब मरीज के घर जाएंगे। इससे डॉक्टरों में संवेदनशीलता बढ़ेगी और मरीजों से संवाद कायम होगा। 53 जिलों के लिए नेशनल मेडिकल मोबाइल यूनिट तैनात की जा रही है। यूनिट में डॉक्टर, टेक्नीशियन और पैरा मेडिकल स्टाफ रहेगा।
मेडिकल कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं में बहुत परिवर्तन हुआ है। केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत प्रदेश को 13 मेडिकल कालेज मिले हैं। दो मेडिकल कालेज यूपी सरकार बनवा रही है। इस तरह प्रदेश में 15 कालेज बनेंगे। दो नए गोरखपुर और रायबरेली के एम्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। बीएचयू को एम्स के समकक्ष लाया जा रहा है।
इसके लिए दो हजार करोड़ धनराशि उपलब्ध हो गई। मेरठ, प्रयागराज और झांसी में सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक तैयार हो गए। आगरा में ब्लाक शिलान्यास हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सीय सुविधाओं के लिए सीएचसी, पीएचसी खोले हैं, लेकिन वहां डाक्टरों की उपलब्धता में दिक्कत है। वहां व्यवस्था बनाई जाएगी। डेढ़ सौ लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस चलाई जा रही हैं। ये मई, वर्ष 2017 में मिल गई थीं। प्रत्येक जनपद को दो वैन उपलब्ध करा दी गई हैं। इस सुविधा से 78 हजार रोगियों का जीवन बचाया गया।