कानपुर में चकेरी के कांशीराम अस्पताल में कोरोना लेवल-टू के मरीजों के लिए बना आइसोलेशन वार्ड पिकनिक स्पॉट में तब्दील हो चला है। फिलहाल यहां लेवल-वन के 88 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं। इनमें से करीब तीन दर्जन मरीजों को सरकारी खाना रास नहीं रहा है।
इनके लिए परिजन व अन्य करीबी बाहर से लजीज व्यंजन पहुंचा रहे हैं। नॉनवेज व बिरयानी की मांग के चलते रोज सरकारी खाना बर्बाद हो रहा है। अस्पताल प्रशासन की ढिलाई से आइसोलेशन वार्ड पिकनिक स्पॉट में तब्दील हो गया है।
कई कोरोना संक्रमितों की रसूख के आगे अस्पताल प्रशासन नतमस्तक है। अफसर चाहकर भी बाहर से आ रहे खाने व अन्य समानों का विरोध नहीं कर पा रहे हैं। खुद अस्पताल का स्टाफ ही ये सामान संबंधित मरीजों तक पहुंचाने में जुटा है।
लग्जरी गाड़ियों से पहुंच रहे लोग
अस्पताल में सुबह से रात तक बाहरी लोगों का आनाजाना लगा रहता है। दो पहिया से लेकर लग्जरी कारों तक से लोग अपने-अपने मरीजों को खाने का सामान पहुंचाने आते हैं।