विवाहिता की मौत पर गमगीन बैठे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर देहात के झींझक दत्तपुर गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर नव विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाल ने बताया मृतका के गले पर चोट के निशान मिले हैं। कानपुर नगर नागापुर पतारी महाराजपुर निवासी राम प्रसाद की पुत्री सोनम(23) का विवाह मंगलपुर थाना के दत्तपुर गांव निवासी मान सिंह के पुत्र अजीत के साथ पिछले साल 28 मई को हुआ था।
रविवार की रात सोनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने सोनम के परिजनों को सूचना दी। मृतका के चाचा रामेश्वर ने मंगलपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इसमें कहा गया है कि सोनम के विवाह के कुछ दिनों बाद से ही पति अजीत, चचिया ससुर कन्हई लाल, चचिया सास नन्हीं देवी दहेज की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी न होने पर भतीजी को चारपाई पर बांधकर गला दबाकर हत्या कर दी। मौके से ससुरालीजन फरार हो गए। एएसपी अनूप कुमार और कोतवाल शिवकुमार राठौर ने मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से बयान लिए।