उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र के कादिरपुर गांव में जन्म के बाद नवजात को तालाब में फेंक दिया गया। कुत्ते शव को तालाब से खींचकर गांव तक ले आए। शव को देख ग्रामीण सन्न रह गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही तफ्तीश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के कादिरपुर गांव में रविवार दोपहर झम्मन रैदास के घर के पास कुत्तों का झुंड एक नवजात बच्चे के शव को नोच रहे थे। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उन्होंने कुत्तों को खदेड़ा और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार बच्चे के हाथ और पैर में काई और तालाब के पास खींचने के निशान होने से शव तालाब में फेंकने और कुत्तों के वहीं से खींचकर लाने का पता चला।
कुत्ते शव को तालाब से नोचते गांव तक लाए। दाहिने हाथ और पेट में गहरे जख्म भी हैं। ग्रामीणों ने उन्हें जमकर कोसा जिन्होंने जन्म के बाद बच्चे को तालाब में फेंक दिया। मालूम हो कि एक माह में जिले के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में नवजात के शव मिलने की यह चौथी घटना है।
अब तक पुलिस एक भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि शव करीब तीन दिन पुराना लग रहा है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तभी मौत का कारण सामने आएगा।