अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ग्रीनपार्क में नया प्लेयर्स पैवेलियन बनाया जाएगा। शासन की ओर से 13 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। एक अप्रैल से यूपीसीए ब्लाक और स्कोर बोर्ड वाले स्थान पर प्लेयर्स पैवेलियन बनाने का काम शुरू कर देगा। निर्माण कार्य आवास विकास कराएगा।
नए प्लेयर्स पैवेलियन के लिए शासन से 38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से 40 फीसदी राशि 13 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। यूपीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक प्लेयर्स पैवेलियन में बीसीसीआई ब्लाक, यूपीसीए ब्लाक, दोनों टीमों के खिलाड़ियों के ड्रेसिंग और डाइनिंग रूम, खिलाड़ियों के लिए ब्लाक, हाईटेक जिम, अंपायरों के लिए ब्लाक, मैच रेफरी के लिए रूम बनाए जाएंगे।
इसके अलावा एंटी करप्शन विंग के लिए भी ब्लाक का निर्माण होगा। इसके लिए मौजूदा यूपीसीए ब्लाक और स्कोर बोर्ड वाले स्थान को चिह्नित कर लिया गया है।
फ्लड लाइटें ठीक कराने का काम तेज
ग्रीनपार्क में आईपीएल के घरेलू मैच कराने की औपचारिक घोषणा भले न हुई हो लेकिन तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्टेडियम में लगी फ्लड लाइटों को ठीक करने का काम तेज कर दिया गया। दो फ्लड लाइट ठीक भी कर दी गई हैं।
बता दें रविवार को आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भेंटकर गुजरात लायंस के दो घरेलू मैच ग्रीनपार्क स्टेडियम में कराने का प्रस्ताव दिया था। आईपीएल चेयरमैन के अनुसार सीएम ने मैच के आयोजन में सहयोग करने की बात कही है।
वहीं जानकारों के मुताबिक मैच आईपीएल का होगा या प्रैक्टिस, यह अभी तय नहीं है। ग्रीनपार्क से जुड़े सूत्रों के मुताबिक आईपीएल मैच की संभावना को देखते हुए 2002 से बनकर तैयार फ्लड लाइटों को ठीक किया जा रहा है।
फ्लड लाइटों के चार टावर हैं। आईपीएल सीजन-9 आठ अप्रैल से शुरू हो रहा है। तब तक मैदान तैयार कर लिए जाने की तैयारी है। राजीव शुक्ला ने बताया कि तकनीकी टीम जल्द ही स्टेडियम का दौरा करेगी।