कानपुर। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के बेगमपुरवा में रहने वाली महिला में मंगलवार को कोरोना की पुष्टि होेने के बाद यह इलाका रेड जोन घोषित कर दिया गया है। बुधवार को महिला के घर के आसपास का इलाका सील कर दिया गया है। वहीं रेडजोन घोषित बाबूपुरवा के मुंशीपुरवा को हॉटस्पॉट से बाहर किया गया है। महिला की रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर बाबूपुरवा थाना प्रभारी राजीव सिंह ने हॉटस्पॉट रहे मुंशीपुरवा बिलाल मस्जिद के आसपास लगी बैरिकेडिंग अब बेगमपुरवा में महिला के घर की ओर जाने वाले पांच रास्तों पर लगवा दी है।
मुंशीपुरवा की फोर्स भी बेगमपुरवा में लगा दी गई है। यहां जरूरत का सामान घर तक पहुंचाने के लिए वालंटियर्स भी तैनात होंगे। वार्ड 102, बेगमपुरवा की पार्षद शाहिन इरफान का कहना है कि इलाका हॉटस्पॉट घोषित होने के बाद लोगों को आवश्यक सामान खरीदने में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। हम अपनी तरफ से पूरी तरह से मदद करने को तैयार हैं। किसी को कोई समस्या हो तो घर से बाहर न आए, फोन पर संपर्क करे।