फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के 8000 छात्राें के सिर पर लटकी तलवार, नहीं दे पाएंगे नीट 

Sun, 11 Feb 2018 08:43 AM IST
टीम डिजिटल, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
डेमो पिक
विज्ञापन
एमबीबीएस के लिए होने वाले नेशनल एलिजबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के नियमों में किए गए बदलावों के विरोध में शुक्रवार को छात्रों ने काकादेव कोचिंग मंडी में विरोध जताया। चेतावनी दी कि अगर नियम वापस नहीं लिया गया तो देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

 

नए नियमों के मुताबिक 25 साल से अधिक आयु वाले छात्र, नेशनल ओपन स्कूल से या प्राइवेट से 12वीं करने वाले छात्र नीट में नहीं बैठ सकते। इस नियम से शहर के करीब आठ हजार छात्र परीक्षा देने से वंचित रह जाएंगे। पूरे यूपी और बिहार की बात करें तो यह आंकड़ा 70 से 90 हजार तक पहुंच जाता है।

 

इसी के चलते छात्र विरोध कर रहे हैं। कुछ छात्र इस पर विधिक राय लेकर हाईकोर्ट में याचिका भी दायर करने की तैयारी में हैं। उधर मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कराने वाले कुछ कोचिंग संस्थानों के विशेषज्ञों ने भी इस फैसले पर नाराजगी जताई है।

विज्ञापन


ये हैं नए नियम  
- नीट में शामिल होने के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 साल कर दी गई है। पहले 30 साल तक के परीक्षार्थी इसमें शामिल हो सकते थे। न्यूनतम आयु सीमा 17 साल है।
- ओपन स्कूल से 12वीं पास करने वाले छात्र परीक्षा में नहीं बैठ सकते। इसके पहले ऐसी पाबंदी नहीं थी।
- एडिशनल बायोलॉजी से 12वीं करने वाले छात्रों को भी परीक्षा से बाहर कर दिया गया है।
- आवेदन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। छात्र की 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड की सूचना में अंतर हुआ तो आधार कार्ड में संशोधन कराना होगा।

एमसीआई ने नहीं माना एमएचआरडी का प्रस्ताव 
मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने 2018 से नीट के नियमों में बदलाव किया है। हालांकि छात्रों के विरोध के बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) ने प्रस्ताव भेजकर पुराने नियमों पर ही परीक्षा कराने की बात कही थी। लेकिन गुरुवार को हुई बैठक में एमसीआई ने एमएचआरडी के प्रस्ताव को न मानते हुए नए नियमों से ही परीक्षा कराने की बात कही है।
विज्ञापन


पहले क्यों नहीं बनाते नियम 
निम्स काकादेव के निदेशक और नीट के विशेषज्ञ नीतेश सिंह ने कहा कि अगर काउंसिल को कोई नियम बनाना ही था तो शुरुआत में ही क्यों नहीं बना लिया। परीक्षा से ठीक दो माह पहले क्यों इस तरह का नियम बनाया गया। नीतेश के अनुसार हजारों छात्र कोचिंग पर लाखों रुपये खर्च करते हैं और सरकार के एक फैसले से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर जाता है।

यह है नीट का शेड्यूल
- ऑनलाइन आवेदन आठ फरवरी से नौ मार्च तक होंगे।
- फीस का भुगतान आठ फरवरी से 10 मार्च तक होगा।
- नीट छह मार्च को देशभर में एकसाथ होगा।

एम्स है विकल्प
जिन छात्रों की उम्र 25 से ऊपर है और 30 के अंदर हैं, उनके पास केवल एम्स एमबीबीएस का ही विकल्प रह गया है। एम्स एमबीबीएस में अभी अधिकतम आयु 30 साल है। इसके लिए भी आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। छात्र पांच मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 26 और 27 मई को परीक्षा होगी।

ऑल इंडिया कोटे की 300 सीटें बढ़ेंगी
इस बार से आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के मेडिकल कॉलेजों की 15 प्रतिशत सीटों पर ऑल इंडिया कोटे से एडमिशन मिलेगा। इसके चलते इस बार ऑल इंडिया कोटे से 300 से 350 सीटों की बढ़ोतरी होगी। ऐसे में इन सीटों पर अच्छी रैंक हासिल करने वाले छात्र अपनी दावेदारी कर दाखिला ले सकते हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें